Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-04

Jamshedpur News: एक्शन मोड में मेयर सुधा गुप्ता, सड़कों, नालियों और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए कड़े निर्देश, अधिकारियों की लगाई क्लास

Jamshedpur: मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने शनिवार (4 अप्रैल 2026) को क्षेत्र के कई वार्डों और मोहल्लों का व्यापक दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनका मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे समझना और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

सड़क, नाली और कचरा प्रबंधन पर जताई नाराजगी
दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़कों, जाम नालियों और कचरे के ढेर की समस्या को प्रमुखता से उठाया। मेयर ने खुद कई स्थानों पर जाकर स्थिति देखी और इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मुख्य और अंदरूनी सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था को मजबूत करने का आदेश दिया, ताकि आने वाले बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।

झरना रोड बना चिंता का विषय
मेयर ने संवेदनशील माने जाने वाले झरना रोड का भी निरीक्षण किया। यहां नाले में तेज बहाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद मेयर ने तत्काल अधिकारियों को नाले के पुनर्निर्माण, अंडरग्राउंड ड्रेनेज व्यवस्था और नियमित सफाई के लिए विस्तृत योजना तैयार कर समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, उन्होंने इलाके में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि रात के समय किसी तरह की अप्रिय घटना से बचाव हो सके।



“क्लीन, ग्रीन और स्मार्ट मानगो” पर जोर
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो को एक स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि साफ-सफाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।

जल्द आएंगी नई विकास योजनाएं
उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन, बेहतर सड़क निर्माण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिन्हें जल्द लागू किया जाएगा।

साथ ही आने वाले दिनों में नगर निगम बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जनहित से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।

इन क्षेत्रों का किया गया दौरा
मेयर ने अपने दौरे के दौरान जवाहर नगर रोड नंबर 9 और 13, ब्रह्मपथ, बावनगोड़ा चौक, ईदगाह मैदान, बगानशाही और नेशनल हाईवे से सटे कई बस्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम, आरसीडी, विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे।



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !