Chaibasa: चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर गांव में 2 अप्रैल को हुई हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पदमपुर टोला कटियाबासा निवासी 56 वर्षीय दामु सिंकु की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके।
पत्नी के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में मृतक की पत्नी अनिता सिंकु के लिखित बयान के आधार पर टोंटो थाना में 2 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस-2023) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्राथमिकी में गांव के ही परसना सिंकु, कुशन सिंकु, डोबरो सिंकु (पिता- गुलिया सिंकु) और पेलोंग सिंकु (पति- परसना सिंकु) को आरोपी बनाया गया है।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या की बात कबूली
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 3 अप्रैल 2026 को मुख्य आरोपी परसना सिंकु और कुशन सिंकु को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद के चलते उन्होंने गुस्से में आकर दामु सिंकु पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी परसना सिंकु की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। यह इस मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।