Railway News: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में कल सोमवार, 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक कई मेमू (MEMU) ट्रेनों के पहिए थमे रहेंगे. रेलवे प्रशासन के मुताबिक, मंडल के इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल-टेलीकॉम विभागों के जरूरी मेंटेनेंस (अनुरक्षण) कार्य को पूरा करने के लिए यह रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है. इस अवधि में कई कोचिंग ट्रेनों के परिचालन समय और रूट में बड़े बदलाव किए गए हैं. चूंकि इस रूट पर रोजाना हजारों दैनिक यात्री सफर करते हैं, इसलिए रेलवे के इस ब्लॉक के कारण आम मुसाफिरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ सकती है.
ये महत्वपूर्ण मेमू ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रहेंगी पूरी तरह रद्द
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रद्द रहने वाली ट्रेनों की सूची जारी कर दी है. इसके तहत ट्रेन संख्या 68090 और 68089 आद्रा-मिदनापुर मेमू 7, 10 और 12 अप्रैल को ट्रैक पर नहीं उतरेगी. वहीं ट्रेन संख्या 68079 और 68080 भोजुडीह-चंद्रपुरा मेमू भी 7, 10 और 12 अप्रैल को पूरी तरह रद्द रहेगी. इसके अलावा 12 अप्रैल को आद्रा-भागा मेमू (68077 और 68078) सेवा उपलब्ध नहीं होगी. साथ ही आद्रा-आसनसोल मेमू (68061 और 68062) को भी 6, 9 और 12 अप्रैल के लिए कैंसिल कर दिया गया है.
बोकारो-आसनसोल पैसेंजर के समय में बदलाव, एक घंटा देरी से खुलेगी
ट्रेनों को रद्द करने के साथ-साथ रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में भी फेरबदल किया है ताकि काम सुचारू रूप से चल सके. इसके तहत ट्रेन संख्या 63591 बोकारो-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन को 7 से 11 अप्रैल के बीच री-शेड्यूल (पुनर्निर्धारित) किया गया है. यह ट्रेन इस तय अवधि के दौरान अपने रोजाना के निर्धारित समय से ठीक एक घंटे की देरी से बोकारो स्टेशन से रवाना होगी. ऐसे में इस ट्रेन को पकड़ने वाले यात्रियों को सवेरे स्टेशन पहुंचने की जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है.