Jharkhand News : पलामू के मेदिनीनगर स्थित शिवाजी मैदान में 12 अप्रैल को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। हिंदू समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण व समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर रविवार को विष्णु मंदिर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
हिंदू समाज की एकता और समरसता को मजबूत करने पर जोर
सम्मेलन समिति के संयोजक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सम्मेलन में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक कला एवं विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही समाज के प्रबुद्ध एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के प्रेरणादायक विचार इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।
समिति के उपाध्यक्ष आशीष भारद्वाज ने कहा कि सम्मेलन में विशेष रूप से युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, उपाध्यक्ष सोनू नामधारी ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की बात कही, जबकि सचिव कुमार गौरव ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समस्त हिंदू समाज को एकजुट करना है।