Saranda IED Blast: पश्चिम सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को अपना निशाना बनाया है. इलाके में चलाए जा रहे नियमित सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर लगाए गए आईईडी (IED) में जोरदार विस्फोट हो गया. इस धमाके की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटनास्थल पर मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायल जवान को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया
घायल जवान की नाजुक स्थिति को देखते हुए सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें तुरंत चाईबासा से रांची एयरलिफ्ट किया गया है. राजधानी रांची पहुंचने के बाद उन्हें बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए शहर के राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा रहा है
तमाम सतर्कता के बावजूद थम नहीं रहीं लैंडमाइन विस्फोट की घटनाएं
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सारंडा के जंगलों में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का चौतरफा और निर्णायक अभियान जारी है. हाल के दिनों में पुलिस को इस इलाके में कई बड़ी सफलताएं भी हाथ लगी हैं. इसी हताशा में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को रोकने और नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में जगह-जगह आईईडी का जाल बिछा रखा है. तमाम कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल और सतर्कता बरतने के बावजूद घने जंगलों में सुरक्षाबलों का सामना इन जानलेवा विस्फोटों से हो रहा है.