Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-06

Seraikela News: उद्घाटन से पहले ही विवादों में साढ़े तीन करोड़ का मॉडर्न जाहेरथान, घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार के आरोप

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरुली पंचायत के टूईबासा गांव में साढ़े तीन करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बना मॉडर्न जाहेरथान उद्घाटन से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और बेहद घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए ठेकेदार और संबंधित विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि उद्घाटन से पहले ही इस नवनिर्मित भवन की दीवारों और परिसर में जगह-जगह बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, जो इसके अस्तित्व और मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.

खराब मोटर, बंद पड़े पंखे और सीलिंग से टपक रहा है पानी
भवन की खामियों को गिनाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि छत और सीलिंग में आई दरारों के कारण पानी का रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया है. इसके अलावा, परिसर में जलापूर्ति के लिए लगाया गया मोटर महज एक बार चलने के बाद ही फुंक गया. घटिया गुणवत्ता के कारण अधिकांश दरवाजे ठीक से बंद तक नहीं हो रहे हैं और परिसर में लगाए गए ज्यादातर पंखे बिना उपयोग के ही बंद पड़े हैं. इन तमाम तकनीकी और बुनियादी कमियों को देखते हुए आक्रोशित ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि सरकार की साढ़े तीन करोड़ रुपये की यह महत्वपूर्ण योजना पूरी तरह से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है.

ग्रामीणों ने स्पष्ट तौर पर ऐलान कर दिया है कि जब तक निर्माण से जुड़ी सभी खामियों को पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक वे किसी भी कीमत पर इसका उद्घाटन नहीं होने देंगे. क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों को चिन्हित कर कड़ाई से कार्रवाई करने और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा ठीक कराने की मांग की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !