Sahibganj: झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती हाइवा में अचानक आग लग गई। यह घटना बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर डुमरिया गांव के पास हुई, जहां देखते ही देखते गाड़ी आग का गोला बन गई।
चालक और खलासी ने कूदकर बचाई जान
मिली जानकारी के अनुसार, बीआर 10GB 7652 नंबर की हाइवा स्टोन चिप्स लोड कर बोरियो की ओर जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी के केबिन हिस्से में अचानक आग लग गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक चंदन मंडल और खलासी ने बिना देर किए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। उनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी
आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरी हाइवा धू-धू कर जलने लगी। सड़क पर गुजर रहे लोगों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग पर काबू पाने के प्रयास भी किए गए।