Jamshedpur News : मानगो के नया पुरुलिया रोड स्थित यूको बैंक के पास हाल ही में उद्घाटित जलमीनार अब शोपीस बनकर रह गई है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस जलमीनार से पिछले कई महीनों से जलापूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद चौकीदार ने बताया कि जलमीनार लंबे समय से बंद पड़ी है और यहां से किसी भी प्रकार की पानी आपूर्ति नहीं हो रही है।
भुगतान नहीं मिलने से संवेदक ने काम किया बंद
इस संबंध में अधिकारियों से बात करने पर कई कारण सामने आए। अधिकारियों के अनुसार, जलमीनार के निर्माण से जुड़े संवेदक को पिछले कुछ महीनों से भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण वह कार्य में रुचि नहीं ले रहा है। इसके अलावा मानगो स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता पहले से ही कम है और प्लांट के फिल्टर उपकरण भी खराब हो चुके हैं। ऐसे में मौजूदा जलमीनारों की जरूरत के मुताबिक ही पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही, जिससे नए जलमीनार को चालू करना फिलहाल संभव नहीं है।
बताया गया कि पूर्व में गांधी मैदान स्थित जलमीनार से पानी का कुछ हिस्सा काटकर नए जलमीनार में आपूर्ति करने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह प्रयास असफल रहा। अधिकारियों का कहना है कि जब तक ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता नहीं बढ़ाई जाती, तब तक यह जलमीनार चालू नहीं हो सकती।
वहीं विकास सिंह ने इस स्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि जलमीनार के पास बने जल भंडारण टैंक का ढक्कन भी नहीं लगाया गया है और वह उद्घाटन के समय से ही क्षतिग्रस्त पड़ा है, जो सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केवल लोकप्रियता हासिल करने के लिए जनप्रतिनिधियों के दबाव में इस जलमीनार का उद्घाटन कर दिया गया, जबकि यह उपयोग के लिए तैयार ही नहीं थी। विकास सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारी और उद्घाटनकर्ता नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस योजना को जल्द चालू कराएं या फिर जनता से माफी मांगें।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “रोम जल रहा है और नीरो बंसी बजा रहे हैं” वाली कहावत यहां पूरी तरह सटीक बैठती है। जनता को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय केवल राजनीति की जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।