Ranchi News: रांची स्थित सेंट्रल कोल्फील्डिंस लिमिटेड (CCL) मुख्यालय में सोमवार को “AI और नई तकनीक” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह आयोजन एचआरडी विभाग में हुआ, जिसमें अधिकारियों ने मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव और कोयला खनन में इसके उपयोग पर विस्तार से चर्चा की.
शुरुआत स्वागत भाषण से
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने कहा कि आज के दौर में AI केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि कामकाज और रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन चुका है. उन्होंने अधिकारियों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया.
विशेषज्ञों ने बताए AI के फायदे
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वी.के. शुक्ला (महाप्रबंधक - खनन/आईईडी) ने अपने संबोधन में कहा कि AI तेजी से हमारे जीवन में जगह बना रहा है, लेकिन इसका सही और समझदारी से उपयोग करना बेहद जरूरी है.
इस मौके पर ERP और सिस्टम विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
प्रेजेंटेशन में दिखा AI का भविष्य
प्रबंधक (सिस्टम) आलोक रंजन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि AI किस तरह तेजी से विकसित हो रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसका उपयोग बढ़ता जा रहा है. उन्होंने यह भी समझाया कि भविष्य में AI कैसे काम को आसान और तेज बना सकता है.
अधिकारियों ने दिए सुझाव
इस कार्यक्रम में करीब 45 अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने सुझाव साझा किए. खास तौर पर जनरेटिव AI को कंटेंट निर्माण और अन्य कार्यों में काफी उपयोगी बताया गया.