Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-07

Adityapur News: आरआईटी थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी, बिना दरवाजा तोड़े चोरी ने गायब किए जेवर व नकदी

Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। ताजा मामला आरआईटी थाना क्षेत्र का है, जहां रोड नंबर 16 स्थित क्वार्टर नंबर 69/1/8 निवासी विनोद कुमार सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। इस घटना की खास बात यह रही कि मुख्य दरवाजे का ताला कहीं से टूटा हुआ नहीं मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी डुप्लीकेट चाबी या तकनीकी तरीके से घर के अंदर दाखिल हुए। घर के भीतर पहुंचने के बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

मालिक के बाहर रहने का चोरी ने उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक इन दिनों बेंगलुरु में हैं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह जब केयरटेकर घर पहुंची तो उसने देखा कि घर के दरवाजे खुले हुए हैं और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मोहल्ले में हलचल मच गई और लोग मौके पर जुटने लगे।

किसी संगठित गिरोह की आशंका 
इस घटना ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर यह तीसरी वारदात है, जहां बंद घरों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले वार्ड 18 की पूर्व पार्षद दिवंगत विनीता अविनाश के घर और वार्ड 17 निवासी अतनु चक्रवर्ती के घर में भी चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी संगठित गिरोह की नजर इस इलाके पर है, जो पहले से घरों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दे रहा है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल चोरी में कितनी नकदी और जेवरात गायब हुए हैं, इसका सही आकलन मकान मालिक के वापस आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

स्थानीय लोगों में भय, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब बंद घर छोड़कर बाहर जाना भी जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर जल्द रोक लगाई जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !