Jharkhand News: झारखंड पुलिस अपने श्वान दस्ते (डॉग स्क्वॉड) को और अधिक ताकतवर और फुर्तीला बनाने की तैयारी में जुट गई है. अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने स्निफर डॉग्स के लिए हाई-प्रोटीन और एनर्जी से भरपूर प्रीमियम डॉग फूड खरीदने के लिए टेंडर जारी किया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य इन प्रशिक्षित श्वानों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है, ताकि वे अपराधियों की गंध पहचानने, विस्फोटक खोजने और वीआईपी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को और बेहतर तरीके से अंजाम दे सकें.
सीआईडी द्वारा जारी निविदा में साफ तौर पर यह संकेत दिया गया है कि श्वानों के पोषण स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। टेंडर में खास तौर पर प्रीमियम ब्रांड जैसे रॉयल कैनिन और दिबक सेंस का उल्लेख किया गया है, जो उच्च गुणवत्ता वाले डॉग फूड के लिए जाने जाते हैं.
पोषण से भरपूर होगा मेन्यू
श्वानों के लिए तैयार किए गए डॉग फूड का कंपोजिशन गृह मंत्रालय (एमएचए) के मानकों के अनुसार तय किया गया है. इसमें 26 से 30 प्रतिशत प्रोटीन शामिल होगा, जिससे श्वानों की मांसपेशियां मजबूत रहेंगी. इसके अलावा 13 से 16 प्रतिशत फैट दिया जाएगा, जो उन्हें पर्याप्त ऊर्जा प्रदान करेगा.
डॉग फूड में 3700 से 4000 किलो कैलोरी प्रति किलोग्राम तक मेटाबोलाइजेबल एनर्जी होगी, जिससे श्वानों की कार्यक्षमता बनी रहे. साथ ही विटामिन A, D3, ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड भी शामिल किए जाएंगे, जो उनकी सेहत के साथ-साथ सूंघने की क्षमता को भी बेहतर बनाएंगे.
इन जिलों में होगी सप्लाई
टेंडर के अनुसार, चयनित सप्लायर को राज्य के कुल 9 स्थानों पर डॉग फूड की सप्लाई करनी होगी. इसमें रांची के होटवार स्थित सीआईडी मुख्यालय के अलावा हजारीबाग, पलामू, चाईबासा, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका और देवघर एयरपोर्ट शामिल हैं.
क्यों खास है यह पहल
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बेहतर पोषण मिलने से श्वानों की कार्यक्षमता में सीधा सुधार होगा. इससे अपराध जांच की गति तेज होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनेगी. आधुनिक दौर में जहां अपराध के तरीके बदल रहे हैं, वहां डॉग स्क्वॉड को तकनीक के साथ-साथ बेहतर देखभाल देना बेहद जरूरी माना जा रहा है.
इस नई पहल से झारखंड पुलिस का डॉग स्क्वॉड पहले से अधिक सक्षम और प्रभावी बनने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.