Gamharia: गम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा गम्हरिया स्थित एक कंपोजिट शराब दुकान में पिस्टल लहराने की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार बीते 7 अप्रैल की दोपहर शराब खरीदने पहुंचे कुछ लोगों और दुकान में मौजूद कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला तनावपूर्ण हो गया और मौके का माहौल अचानक बिगड़ गया।
युवक ने निकाली पिस्टल, लोगों ने कराया शांत
मौजूदा लोगों के अनुसार विवाद के दौरान एक शराबी ने अचानक पिस्टल निकाल ली और काउंटर पर खड़े एक व्यक्ति की ओर तान दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। साथ आए अन्य लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और पिस्टल लहराने वाले युवक को शांत कराया। इसके बाद उसने हथियार को वापस अपनी कमर में रख लिया। सामने आई तस्वीरों और जानकारी ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पुलिस की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गम्हरिया थाना पुलिस मामले को शांत कराने और रफा-दफा करने की कोशिश में लगी है। पिस्टल लहराने वाले युवक की पहचान मयंक बारी उर्फ गोलू बारी के रूप में बताई जा रही है। घटना जिस शराब दुकान में हुई, वह गम्हरिया प्रखंड के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जिससे स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।