Hazaribagh: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जल संसाधन विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते दो इंजीनियरों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार दोपहर हजारीबाग स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय में एसीबी की टीम ने छापेमारी की, जहां एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मालतो और असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी को 1 लाख 72 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया।
ठेकेदार की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, जल संसाधन विभाग में काम करने वाले एक ठेकेदार ने एसीबी से शिकायत की थी कि उसके बिल भुगतान के बदले असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी 1 लाख 72 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में घूस मांगे जाने की बात सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की।
पूछताछ में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का नाम आया सामने
एसीबी ने रणनीति के तहत पहले असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी को पकड़ा। पूछताछ के दौरान चिरंजीवी दांगी ने बताया कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मालतो के कहने पर ही रिश्वत ली जा रही थी। इसके बाद एसीबी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राहुल मालतो को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों इंजीनियरों से जारी है पूछताछ
फिलहाल एसीबी की टीम गिरफ्तार किए गए दोनों इंजीनियरों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या विभाग में इस तरह की वसूली पहले से भी की जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।