Hazaribagh Police: हजारीबाग के बड़कागांव पुलिस को 8 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि टी.पी-05 मार्ग पर कुछ अपराधी हथियार के साथ लूट की योजना बना रहे हैं. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और झाड़ियों में छिपे तीन संदिग्धों, विनोद कुमार भुईयाँ, प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान इनके पास से एक देशी पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
नंदनी ज्वैलर्स लूट कांड में भी थे शामिल, दुकानदार पर चलाई थी गोली
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही 7 फरवरी 2026 को बड़कागांव स्थित “नंदनी ज्वैलर्स” के मालिक से गहनों से भरा झोला छीना था और विरोध करने पर दुकानदार पर गोली चलाकर फरार हो गए थे. इस लूट की पूरी रेकी बड़कागांव के ही रहने वाले संदीप कुमार सोनी ने की थी, जिसने 5 फरवरी को लूट का पूरा मास्टर प्लान तैयार किया था. पुलिस ने साजिशकर्ता संदीप सोनी और लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के मालिक साकिन्दर कुमार गंझु सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है.
गलाकर दूसरे राज्यों में बेचे गए जेवर, जांच जारी
जांच में यह बात सामने आई कि लुटेरों ने लूटे गए सोने-चांदी के जेवरों को गलाकर दूसरे राज्यों में खपा दिया है. गिरफ्तार अपराधियों में से अधिकांश चतरा जिले के रहने वाले हैं और इनका पुराना संगठित आपराधिक इतिहास रहा है. इस सफल ऑपरेशन में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.पुलिस अब उन ठिकानों की तलाश कर रही है जहाँ लूटे गए माल को बेचा गया था.