Chatra Big News: चतरा के हंटरगंज स्थित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय की 13 वर्षीय छात्रा (कक्षा-3) के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में भारी तनाव है. छात्रा के परिजनों ने स्कूल के प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए गुरुवार को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में ले लिया है. उपायुक्त (DC) के आदेश पर हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की तहकीकात के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है.
परिजनों ने ग्रामीण चिकित्सक से कराई थी जांच, प्रिंसिपल ने दी डीएनए की चुनौती
मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा बुधवार को तबीयत खराब होने की शिकायत लेकर अपने घर पहुंची. उसकी शारीरिक स्थिति देख परिजनों को संदेह हुआ, जिसके बाद एक स्थानीय चिकित्सक से जांच कराने पर गर्भवती होने की पुष्टि हुई. हालांकि, हिरासत में लिए गए प्रिंसिपल शंकर प्रसाद ने खुद पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन को डीएनए (DNA) जांच की खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे दोषी पाए गए तो किसी भी सजा के लिए तैयार हैं. फिलहाल छात्रा को मेडिकल परीक्षण और आगे की जांच के लिए गया (बिहार) भेजा गया है.
एसडीओ के नेतृत्व में जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ (SDO) जहूर आलम ने बताया कि मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी. शिक्षा विभाग ने इस हृदयविदारक घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. प्रशासन ने पीड़िता के परिवार को निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिया है.