Gamharia: टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर एमटीसी बिल्डिंग से सपड़ा होते हुए नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को भाजपा नेता सह मेयर संजय सरदार ने औचक निरीक्षण किया। पथ निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे इस कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। निरीक्षण के दौरान मेयर ने ग्रामीणों के साथ सड़क के अलग-अलग हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया, जिसमें कई तरह की अनियमितताएं सामने आई।
निर्धारित मानकों की अनदेखी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क की परतें निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं थीं और उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता भी बहुत खराब स्तर की पाई गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि ठेकेदार जल्दबाजी में काम पूरा करने के प्रयास में गुणवत्ता से समझौता कर रहा है, जिससे भविष्य में सड़क की मजबूती पर असर पड़ सकता है।
“जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं”- संजय सरदार
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संजय सरदार ने साफ तौर पर कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का इस तरह दुरुपयोग किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में जिस तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं, उसे लेकर वे विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। साथ ही निर्माण स्थल से सामग्री को जब्त कर उसकी गुणवत्ता की जांच कराने के लिए लैब भेजने की भी बात कही, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
ग्रामीणों में नाराजगी, गुणवत्ता सुधार की मांग
मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण पूरी तरह से निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जाता, तब तक कार्य को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने साफ तौर पर मांग की है कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए, ताकि भविष्य में उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।