Tata Steel Kalinganagar: टाटा स्टील के कलिंगानगर प्लांट में कर्मचारियों के वेज रिवीजन को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को इस मुद्दे पर औपचारिक वार्ता की शुरुआत की गई, जिसमें कंपनी के सीएचआरओ स्तर पर बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में टाटा स्टील कलिंगानगर यूनाइटेड यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक के दौरान यूनियन की ओर से अपना चार्टर ऑफ डिमांड सौंपा गया, जिसमें वेतन संशोधन से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे गए। यूनियन ने सुझाव दिया है कि वेज रिवीजन समझौता या तो तीन साल के लिए किया जाए या फिर पांच साल के लिए लागू किया जाए।
वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी को लेकर विस्तृत प्रस्ताव
चार्टर ऑफ डिमांड में यूनियन ने तीन साल और पांच साल के लिए अलग-अलग प्रस्ताव पेश किए हैं। इसके तहत तीन साल के समझौते के लिए मिनिमम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) 25 प्रतिशत और पांच साल के लिए 40 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग की गई है। इसके अलावा जमशेदपुर प्लांट की तर्ज पर फिक्स डीए लागू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। वीडीए प्वाइंट को तीन साल के लिए 6 और पांच साल के लिए 8 करने, कंवियेंस एलाउंस को 4000 से 5000 रुपये प्रतिमाह करने तथा एचआरए में 15 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि की मांग शामिल है।
अन्य भत्तों और सुविधाओं को लेकर भी रखी गईं कई मांगें
यूनियन ने स्पेशल एलाउंस में 30 से 45 प्रतिशत, एजुकेशन एलाउंस को 2000 से बढ़ाकर 3500 रुपये प्रतिमाह, वाशिंग एलाउंस 500 से 650 रुपये, नाइट शिफ्ट एलाउंस 250 से 350 रुपये प्रतिदिन करने की मांग की है। इसके साथ ही सेल्फ लीज एलाउंस को एचआरए का दोगुना करने, पीपीसी एलाउंस में 45 से 60 प्रतिशत वृद्धि, मोबाइल एलाउंस 450 रुपये प्रतिमाह तय करने और टीपीआर एलाउंस को प्रोडक्शन परफॉर्मेंस से जोड़ने का प्रस्ताव भी शामिल है।
कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कई अहम मुद्दे भी उठाए गए
चार्टर ऑफ डिमांड में यूनियन ने कर्मचारियों के लिए कई कल्याणकारी सुविधाओं की भी मांग की है। इसमें मेडिक्लेम पॉलिसी में सुधार, सभी कर्मचारियों के लिए टर्म लाइफ इंश्योरेंस, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की सुविधा, लोयोला स्कूल में एक बच्चे को मुफ्त शिक्षा और बस सेवा, पांच दिन का कार्य सप्ताह, आपात स्थिति में एडवांस वेतन, इलेक्ट्रिक कुकिंग सुविधा, सभी विभागों में रेस्ट रूम, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में बेबी क्रेच, लाइब्रेरी और 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता जैसी मांगें शामिल हैं।
संगठनात्मक विकास और औद्योगिक शांति पर जोर
टाटा स्टील कलिंगानगर यूनाइटेड यूनियन के महासचिव सचिंद्र बेहरा ने कहा कि यह वेज रिवीजन समझौता इस तरह से किया जाना चाहिए, जिससे औद्योगिक शांति बनी रहे, उत्पादकता बढ़े और संगठन का समग्र विकास हो सके। यूनियन का मानना है कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संतुलित और सकारात्मक निर्णय लिया जाना आवश्यक है।