Jamshedpur: जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स प्लांट में कर्मचारियों की संख्या कम करने के उद्देश्य से कंपनी प्रबंधन ने वोलंटरी रिटायरमेंट स्कीम (VRS) लागू कर दी है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी कर्मचारियों के बीच साझा कर दी गई है। जारी सर्कुलर में बताया गया है कि यह कदम कर्मचारियों की व्यक्तिगत और पेशेवर जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। इस योजना के तहत इच्छुक कर्मचारी 10 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आवेदन कर सकते हैं। VRS का लाभ केवल 40 वर्ष से अधिक उम्र के स्थायी कर्मचारियों को ही मिलेगा।
उम्र के अनुसार मिलेगा वेतन का प्रतिशत
कंपनी ने इस योजना के तहत कर्मचारियों को दो विकल्प दिए हैं। पहले विकल्प के अनुसार, 40 से 45 वर्ष की उम्र के कर्मचारियों को वर्तमान वेतन का 80 प्रतिशत, 45 से 50 वर्ष के कर्मचारियों को 90 प्रतिशत, 50 से 55 वर्ष के कर्मचारियों को 100 प्रतिशत और 55 वर्ष या उससे अधिक उम्र के कर्मचारियों को 110 प्रतिशत वेतन दिया जाएगा। यह भुगतान कर्मचारी की 60 वर्ष की आयु तक जारी रहेगा। यदि इस अवधि के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके लाभार्थी को हर महीने 50 प्रतिशत वेतन दिया जाएगा।
एकमुश्त राशि लेने का भी विकल्प
दूसरे विकल्प के तहत कर्मचारी एकमुश्त राशि लेकर कंपनी से अलग हो सकते हैं। यह राशि 60 वर्ष की उम्र तक के वेतन के आधार पर तय होगी। कर्मचारी चाहें तो पूरी राशि एक साथ ले सकते हैं या फिर दो किस्तों में प्राप्त कर सकते हैं, जिसमें पहली किस्त तुरंत और दूसरी जून 2027 तक दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में लागू कर नियमों के अनुसार टैक्स की कटौती की जाएगी।
मेडिकल और अन्य सुविधाएं भी शामिल
VRS लेने वाले कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा के तहत 1.50 लाख रुपये तक का अस्पताल खर्च और 2 हजार रुपये उपचार के लिए दिए जाएंगे। हालांकि यह मेडिकल सुविधा केवल 10 वर्षों तक ही मान्य होगी। यदि कोई कर्मचारी VRS लेने के बाद किसी अन्य संस्था में काम करता है और वहां से मेडिकल सुविधा प्राप्त करता है, तो टाटा मोटर्स की ओर से मिलने वाली मेडिकल सुविधा समाप्त कर दी जाएगी।
अन्य वित्तीय लाभ और प्रोत्साहन
कंपनी की ओर से EPFO, ग्रेच्युटी, रिटायरमेंट लाभ, पीएल (प्रिविलेज लीव) का सेटलमेंट और एलटीए का भुगतान भी नियमों के अनुसार किया जाएगा। पेंशन स्कीम का लाभ भी EPFO के नियमों के तहत मिलेगा। इसके अलावा कंपनी ने ग्रुप इंसेंटिव की भी घोषणा की है। यदि 299 से 448 कर्मचारी आवेदन करते हैं तो प्रत्येक को 50 हजार रुपये, 449 से 597 के बीच आवेदन होने पर 75 हजार रुपये, 598 से 747 के बीच 1 लाख रुपये और 748 से अधिक आवेदन होने पर प्रत्येक कर्मचारी को 1 लाख 48 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।