Chandil News: कुकडू प्रखंड के तिरुलडीह पंचायत अंतर्गत सापारुम गांव में एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान हाथी ने गांव के ही राधा तंतुबाई (उम्र लगभग 55-60 वर्ष) पर हमला कर दिया. हाथी की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी अचानक गांव की सीमा में दाखिल हुआ था, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा है.
बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत और भारी आक्रोश
इस दुखद घटना के बाद सापारुम और आसपास के गांवों के लोग बेहद डरे हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड अक्सर दाखिल हो रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक के कारण लोग शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी खेती और जान दोनों पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है.
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि हाथियों के खतरे से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.