IPL 2026: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ थमने का नाम नहीं ले रहा. हाई-स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा.
RCB की पारी लड़खड़ाई शुरुआत, लेकिन पाटीदार ने संभाली कमान और टीम को पहुंचाया 201 तक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत बेहद खराब रही. फिल सॉल्ट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. देवदत्त पडिक्कल ने 14 रन बनाए, लेकिन लंबी पारी नहीं खेल सके. क्रुणाल पांड्या सिर्फ 1 रन बनाकर लौटे, जबकि विराट कोहली 32 रन की तेज शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. जितेश शर्मा भी 5 रन पर आउट हो गए और टिम डेविड 13 रन बनाकर चलते बने.
ऐसे मुश्किल समय में कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 40 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली. वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर उन्होंने तेजी से रन जोड़े और 19 गेंदों में 41 रन की अहम साझेदारी की. अंत में RCB ने 8 विकेट पर 201 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट झटके.
वैभव सूर्यवंशी का तूफान, जुरेल के साथ मिलकर मैच पलटा
202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत आक्रामक रही. यशस्वी जायसवाल 13 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर तूफान खड़ा कर दिया. ध्रुव जुरेल के साथ उनकी साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. दोनों ने सिर्फ 6 ओवर में 97 रन जोड़ दिए और 34 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी की.वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 26 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली.
जुरेल की समझदारी भरी बल्लेबाजी, राजस्थान ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
वैभव के आउट होने के बाद शिमरोन हेटमायर बिना खाता खोले आउट हुए और कप्तान रियान पराग भी सस्ते में चलते बने. लेकिन ध्रुव जुरेल ने एक छोर संभाले रखा और रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. जुरेल ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया. राजस्थान ने यह मुकाबला 6 विकेट से जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली.
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन पूरी लय में नजर आ रही है. बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, हर विभाग में टीम संतुलित दिख रही है. वहीं RCB के लिए यह हार एक चेतावनी है कि टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए उन्हें अपने खेल में और धार लानी होगी.