BREAKING: झारखंड उत्पाद विभाग सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार देर रात पुलिस ने एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 100 से अधिक संदिग्धों को डिटेन किया है, जो असली उम्मीदवारों की जगह परीक्षा देने की तैयारी में थे। इस कार्रवाई के बाद भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
तमाड़ के रंगामाटी में छापेमारी, बड़ी संख्या में लोग डिटेन
मामला तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित एक भवन का है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक स्कूल परिसर से बड़ी संख्या में युवकों को पकड़ा गया, जिन्हें परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी के रूप में बैठाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने मौके से 100 से ज्यादा लोगों को डिटेन किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मोबाइल और दस्तावेज बरामद, जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को इकट्ठा करने वाले लोगों के पास से भी कई संदिग्ध कागजात मिले हैं, जिससे इस गिरोह के संगठित तरीके से काम करने की आशंका मजबूत हो गई है।
ग्रामीण एसपी ने की पुष्टि, गिरोह की कड़ी खंगालने में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले की पुष्टि रांची के ग्रामीण एसपी ने की है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने में जुटी है। माना जा रहा है कि यह एक बड़ा संगठित रैकेट है, जो विभिन्न राज्यों में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कराने का काम करता है।