Bokaro News: झारखंड के बोकारो में आयोजित एक कैंडल मार्च के दौरान डुमरी विधानसभा सीट से विधायक और जेएलकेएम के अध्यक्ष जयराम महतो एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. न्याय की मांग को लेकर निकाले गए इस मार्च में विधायक का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब एक युवक उनका वीडियो बना रहा था.
क्या है पूरा मामला?
यह कैंडल मार्च लापता हुई युवती पुष्पा कुमारी को न्याय दिलाने के लिए निकाला गया था. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे थे, जिनमें विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए थे. प्रदर्शन के बीच माहौल उस समय बदल गया जब एक महिला ने विधायक से सीधे सवाल पूछ लिया.
पैसे लेने के आरोप से बढ़ा तनाव
पुष्पा कुमारी की मां रेखा देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी को खोजने के नाम पर जयराम महतो की पार्टी की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रेखा कुमारी ने उनसे पैसे लिए थे. कैंडल मार्च के दौरान भीड़ में मौजूद एक महिला ने इसी मुद्दे को लेकर विधायक से जवाब मांगा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
वीडियो बना रहे युवक पर उतारा गुस्सा
इसी दौरान पास में खड़ा एक युवक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था. कैमरा देखकर विधायक जयराम महतो अचानक भड़क गए. उन्होंने युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया और गुस्से में उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया। घटना के बाद विधायक बिना कुछ कहे अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से निकल गए.
घटना के बाद उठे सवाल
इस घटना के बाद विधायक के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. जहां एक ओर लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर थे, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटना ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. अब देखना होगा कि इस विवाद पर प्रशासन और विधायक की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.