Jharkhand: झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर राज्य में भ्रष्टाचार के मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधा है। इसी कड़ी में उन्होंने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर रांची वन मंडल में तत्कालीन डीएफओ और वर्तमान आईएफएस अधिकारी राजीव लोचन बख्शी के कार्यकाल में हुए कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले की शिकायत की। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में मरांडी ने आरोप लगाया कि उस दौरान सरकारी धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग और बंदरबांट किया गया।
राजकोष की सुनियोजित लूट का लगाया आरोप
बाबूलाल मरांडी ने इस पूरे मामले को राजकोष की सुनियोजित लूट करार देते हुए कहा कि सत्ता के संरक्षण में प्रशासनिक मर्यादाओं को दरकिनार किया गया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सामान्य अनियमितता नहीं, बल्कि एक संगठित तरीके से किया गया वित्तीय घोटाला है, जिसने सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फॉरेंसिक ऑडिट और उच्चस्तरीय जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल से इस मामले में केवल सामान्य जांच नहीं, बल्कि फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों को सामने लाने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन जरूरी है। उन्होंने राज्यपाल को उन तमाम अनियमितताओं और कथित काले कारनामों की जानकारी भी दी, जो संबंधित अधिकारी के कार्यकाल के दौरान वन विभाग में सामने आए।