Jamshedpur News : प्रीमियम ट्रेनों में शुमार पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खानपान व्यवस्था को लेकर विवादों में घिर गई है। इस बार एक यात्री ने ट्रेन में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए रेल मंत्री अश्विनी विश्वाश और रेलवे मंत्रालय से शिकायत की है।
यात्री ने उठाए सवाल, सोशल मीडिया पर शिकायत
जानकारी के अनुसार, सोमवार को पटना से टाटानगर की यात्रा कर रहे यात्री वरुण कुमार ने शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया था। कुछ समय बाद ट्रेन स्टाफ ने उन्हें बताया कि नियमित भोजन समाप्त हो चुका है, जिसके बाद विकल्प के रूप में उन्हें पैकेज्ड “रेडी-टू-ईट” खाना दिया गया।
यात्री का आरोप है कि जो पैकेट उन्हें दिया गया, उसे परोसने से पहले गर्म करना जरूरी था, लेकिन इसे बिना गर्म किए ही दे दिया गया। उनका कहना है कि खाना पूरी तरह ठंडा था और चावल ठीक से पके नहीं थे, जिससे उसे खाना मुश्किल हो गया।
इस घटना को लेकर यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इसे यात्रियों की सेहत के साथ लापरवाही बताते हुए कहा कि प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की सेवा अस्वीकार्य है, जहां बेहतर सुविधाओं की उम्मीद की जाती है।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि इससे पहले 15 मार्च को इसी ट्रेन में परोसी गई दही की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद रेलवे ने संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद ताजा घटना ने एक बार फिर खानपान व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद यह तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। यात्रियों का कहना है कि केवल कार्रवाई पर्याप्त नहीं, बल्कि खानपान की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी जरूरी है। फिलहाल इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से जांच की उम्मीद जताई जा रही है।