Jamshedpur News: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के रवि कुमार ने मंगलवार को जमशेदपुर के पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ (BLO) को सख्त निर्देश दिए कि मतदाता सूची में "जीरो एरर" सुनिश्चित की जाए और कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे. सीईओ ने बताया कि वर्तमान में बीएलओ घर-घर जाकर स्टिकर लगाने का काम कर रहे हैं. इस दौरान जिन घरों की मकान संख्या नहीं है, उन्हें भी "नोशनल नंबर" देकर सटीक मैपिंग की जा रही है ताकि हर मतदाता तक प्रशासन की पहुंच हो सके.
ASD सूची और सत्यापन पर विशेष जोर
के रवि कुमार ने मतदान केंद्रों पर बीएलओ रजिस्टर और नजरी नक्शों की गहन जांच की. उन्होंने अनुपस्थित (Absent), शिफ्टेड (Shifted) और मृत (Dead) मतदाताओं यानी एएसडी (ASD) सूची को पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि इस सूची का सत्यापन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से अनिवार्य रूप से कराया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो. सीईओ ने जमशेदपुर पूर्व और पश्चिम के कई बूथों का भौतिक निरीक्षण कर खुद कुछ घरों में जाकर बीएलओ द्वारा दर्ज तथ्यों का मिलान भी किया.
प्रशासनिक मुस्तैदी और भविष्य की रणनीति
समीक्षा के दौरान पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने एयरो (AERO) और ईआरओ (ERO) को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से बीएलओ के कार्यों की निगरानी करें. इस कवायद का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाना और एक स्वच्छ व पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की नींव रखना है.