Jharkhand News: झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के गंभीर आरोपों को लेकर मंगलवार को भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में लोकभवन पहुंचे इस शिष्टमंडल ने राज्यपाल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा. भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को अवगत कराया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की आशंका है, जिससे राज्य के लाखों मेहनतकश युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है.
धांधली की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इस पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से उच्चस्तरीय जांच कराने की पुरजोर मांग की है. भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार की एजेंसियों पर अब युवाओं का भरोसा नहीं रहा, इसलिए सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच अनिवार्य है.
युवाओं के भविष्य और सिस्टम पर सवाल
भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की खबरों ने झारखंड के प्रशासनिक तंत्र और जेएसएससी (JSSC) की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर संवैधानिक संरक्षक के रूप में युवाओं के हितों की रक्षा करें.