Jamshedpur News : टाटा मोटर्स के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थानीय युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को 24 घंटे बाद समाप्त हो गया। प्रदर्शनकारियों ने डीएलसी अरविंद कुमार से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद धरना खत्म करने का निर्णय लिया।मंगलवार को बंटी सिंह गुट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थकों ने कंपनी गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य गेट को जाम कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई तरह की परेशानियां सामने आईं। बाद में प्रदर्शनकारी वहीं बैठकर धरना देने लगे और अपनी मांगों पर अड़े रहे।
प्रशासन की पहल पर वार्ता, ITUC समर्थन से मजबूत हुआ आंदोलन
इस आंदोलन को आईआईटीयूसी के नेता अंबुज ठाकुर का भी समर्थन मिला, जिससे प्रदर्शन को और मजबूती मिली। बाद में प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की पहल पर वार्ता आयोजित की गई, जिसमें डीएलसी द्वारा सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन वापस ले लिया। धरना समाप्त होते ही कंपनी प्रबंधन ने भी राहत महसूस की। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन अपने आश्वासन को कब और कैसे लागू करते हैं।