Jamshedpur News: बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर हाई स्कूल के पास बजरंग चाय दुकान की संचालिका मेहंदी कुमारी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी प्रेम कुमार ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. आरोपी ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के न्यायालय में अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से आत्मसमर्पण किया. बता दें कि 6 अप्रैल की रात दुकान में घुसकर कुछ युवकों ने हंगामा किया था और मेहंदी पर खौलती हुई चाय फेंक दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं. इस मामले में बिष्टुपुर पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भारी दबाव बना हुआ था.
प्राथमिकी में नामजद थे कई युवक
घटना के बाद पीड़िता के भाई अंकित कुमार के बयान पर अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा और प्रेम कुमार सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही जेल भेज दिया था, जबकि प्रेम कुमार फरार चल रहा था. मेहंदी कुमारी का वर्तमान में अस्पताल में इलाज जारी है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की सुस्त कार्यशैली को लेकर काफी आक्रोश था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी थी.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मुख्य आरोपी प्रेम कुमार के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है. बिष्टुपुर थाना पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल, कोर्ट द्वारा प्रेम कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब पूछताछ के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर सकती है ताकि हमले के पीछे की असली वजह और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.