Baharagora : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित सुवर्णरेखा नदी एक बार फिर सनसनी का केंद्र बन गई है। नदी से दोबारा द्वितीय विश्व युद्ध का संदिग्ध बम बरामद किया गया है, जिससे पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही दिन पहले इसी नदी से एक जिंदा बम मिला था। सूचना मिलने के बाद इंडियन आर्मी की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान टीम को एक और बम मिला था, जिसमें बारूद नहीं था। इसके बाद दोनों बमों को सुरक्षा मानकों के तहत करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में रखकर नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट किया गया था।
उस समय विशेषज्ञों ने आशंका जताई थी कि नदी क्षेत्र में और भी इस तरह के पुराने बम हो सकते हैं। अब एक बार फिर उसी स्थान से अमेरिकी निर्मित एक और बम मिलने की खबर ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इलाके को सुरक्षित करते हुए लोगों को नदी के आसपास जाने से मना किया गया है। बम निरोधक दस्ते को फिर से बुलाने की तैयारी की जा रही है।
लगातार मिल रहे इन बमों को देखते हुए अब इलाके में व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन की मांग उठने लगी है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
आखिर बहरागोड़ा की सुवर्णरेखा नदी में इतने वर्षों बाद भी द्वितीय विश्व युद्ध के बम कहां से आ रहे हैं? क्या यहां और भी ऐसे खतरनाक विस्फोटक छिपे हो सकते हैं?
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और ऐतिहासिक अवशेषों की मौजूदगी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।