Jamshedpur News : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनी गांव के समीप हुए सड़क हादसे में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बलरामपुर थाना क्षेत्र निवासी सुमित सिंह सरदार और पूर्वी सिंहभूम के पटमदा निवासी सुखदेव सरदार के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान हुई मौत
दोनों युवक मंगलवार को एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने टाटा- पटमदा मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
बाद में पटमदा थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी और स्थानीय नेता मुचीराम बावरी की पहल पर ग्रामीणों के साथ वार्ता हुई, इस दौरान प्रशासन की ओर से तत्काल 20-20 हजार रुपये मुआवजा देने और 18 अप्रैल को ट्रैक्टर मालिक के साथ बैठक कर 10-10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने का प्रयास करने का लिखित आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।