IPL 2026: मुंबई इंडियंस को IPL 2026 में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा, जब पंजाब किंग्स ने वानखेड़े स्टेडियम में एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रन बनाए, लेकिन पंजाब ने महज 16.3 ओवर में 7 विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के बाद मुंबई पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर खिसक गई है और पांच मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है।
कप्तान हार्दिक पंड्या का सख्त संदेश
हार के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या काफी निराश नजर आए। उन्होंने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि टीम को अब “कठिन सवालों” का सामना करना होगा। उन्होंने साफ तौर पर संकेत दिया कि टीम को तय करना होगा कि क्या बदलाव किए जाएं या फिर मौजूदा परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ा जाए।
ड्रॉइंग बोर्ड पर लौटेगी टीम, कमियों की होगी समीक्षा
हार्दिक ने आगे कहा कि फिलहाल टीम को शांत रहकर अपनी कमजोरियों का विश्लेषण करना होगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि समस्या व्यक्तिगत प्रदर्शन की है, टीम कॉम्बिनेशन की है या रणनीति में कमी है। उनके मुताबिक, पूरी टीम बैठकर इन पहलुओं पर चर्चा करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी।
स्टार खिलाड़ियों की फॉर्म चिंता का कारण
टीम के खराब प्रदर्शन के पीछे कई बड़े खिलाड़ियों की खराब फॉर्म भी चिंता बढ़ा रही है। जसप्रीत बुमराह इस सीजन अब तक विकेट के लिए तरस रहे हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में बदलाव या स्टार खिलाड़ियों को आराम देने जैसे बड़े फैसले आने वाले मैचों में देखने को मिल सकते हैं।