Bokaro News : एक मार्मिक अपील ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, जहां एक छात्रा ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बोकारो डीसी अजय नाथ झा से मदद की गुहार लगाई है। सेक्टर 4/जी निवासी प्रिया कुमारी ने भावुक होकर कहा, “सर, मैं पढ़ना चाहती हूं, मेरी मदद कीजिए। मेरी आर्थिक स्थिति बहुत खराब है।”
आर्थिक तंगी के कारण स्कूल से निकाली गई, फीस नहीं दे पाने का आरोप
प्रिया कुमारी ने बताया कि वह सेक्टर 8/बी स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी, लेकिन घर की आर्थिक हालत बिगड़ने के कारण वह स्कूल की फीस नहीं दे पाई। इसके चलते स्कूल प्रबंधन ने उसे पढ़ाई से रोक दिया। यहां तक कि उसे कक्षा 8 की परीक्षा देने की भी अनुमति नहीं दी गई। प्रिया का कहना है कि जब वह दोबारा स्कूल पहुंची तो प्रधानाचार्या ने उसे डांटकर वापस भेज दिया।
पिता हादसे में घायल, इंजीनियर बनने का सपना अधूरा
प्रिया ने बताया कि उसके पिता एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिससे परिवार की आय पूरी तरह प्रभावित हो गई। घर की स्थिति इतनी खराब है कि रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद वह आगे पढ़कर इंजीनियर बनना चाहती है।
प्रिया ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से अपील की है कि उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की जाए। इस भावुक अपील ने लोगों का दिल छू लिया है और अब सभी की नजर प्रशासन की पहल पर टिकी हुई है।