Jamshedpur News: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस ने राष्ट्रीय अग्नि सेवा सप्ताह के अवसर पर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रेलकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान, सीनी के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें ऑपरेटिंग, कमर्शियल विभाग के स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर और प्रो सहायक लोको पायलट सहित कई कर्मचारी शामिल हुए।
शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत मुंबई के विक्टोरिया डॉक पर हुए ऐतिहासिक अग्निकांड में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को नमन कर की गई। इस दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने बताया कि आग की 90 प्रतिशत घटनाएं मानव जनित होती हैं, जिनमें 70 प्रतिशत लापरवाही के कारण होती हैं। उन्होंने आग से बचाव और सतर्कता को अत्यंत आवश्यक बताया।
मॉक ड्रिल के जरिए सिखाए गए अग्नि सुरक्षा के अहम उपाय
प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के कारणों, उसे बुझाने की प्रक्रिया और विभिन्न फायर उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही “स्टॉप, ड्रॉप और रोल” जैसी तकनीकों का अभ्यास मॉक ड्रिल के माध्यम से कराया गया। बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग न कर सीढ़ियों से सुरक्षित निकलने की सलाह भी दी गई।
लाइव मॉक ड्रिल में 196 रेलकर्मियों ने लिया हिस्सा
दूसरे सत्र में डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने लाइव मॉक ड्रिल के जरिए फायर उपकरणों के उपयोग और इमरजेंसी रेस्क्यू के बारे में समझाया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 196 रेलकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अनुदेशक ने सिविल डिफेंस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।