Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-17

Jamshedpur News: एमजीएम अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आई महिला के बैग से पैसे चोरी, सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ा

Jamshedpur News: डिमना रोड स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चोरी की एक घटना सामने आई. पटमदा से इलाज कराने आई एक गरीब महिला जब अल्ट्रासाउंड कक्ष के अंदर अपना नंबर आने पर दाखिल हुई, तभी बाहर रखी उसकी बैग से एक अन्य महिला ने हाथ साफ कर दिया. महिला जब जांच कराकर बाहर आई, तो बैग से अपनी मेहनत की कमाई गायब देख वह फूट-फूटकर रोने लगी. अल्ट्रासाउंड रूम के बाहर भारी भीड़ होने के कारण आरोपी महिला ने इस मौके का फायदा उठाया था.

होमगार्ड जवान की मुस्तैदी से पकड़ी गई आरोपी
पीड़िता ने तुरंत मौके पर तैनात होमगार्ड जवान को घटना की जानकारी दी. सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद संदिग्ध महिलाओं की तलाशी लेनी शुरू की. जांच के दौरान आजाद नगर की रहने वाली एक महिला के पास से सिक्कों सहित चोरी किए गए करीब 800 रुपये बरामद कर लिए गए. पकड़े जाने के बाद आरोपी महिला ने अपनी गलती स्वीकार की और सुरक्षाकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगी.

माफीनामा लिखकर छोड़ी गई आरोपी महिला
पीड़ित महिला, जो शहर में सब्जी बेचकर अपना गुजारा करती है, अपनी बीमारी के इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से पैसे जमा कर लाई थी. पकड़ी गई महिला के माफी मांगने और पीड़िता की सहमति के बाद, सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी से लिखित माफीनामा लिया और उसे छोड़ दिया. हालांकि, अपनी मेहनत की कमाई पर इस तरह की नजर रखने वालों के प्रति पीड़िता ने काफी नाराजगी जाहिर की, लेकिन पैसा वापस मिल जाने से उसे बड़ी राहत मिली.

एमजीएम में बार-बार हो रही हैं ऐसी घटनाएं
एमजीएम अस्पताल में भीड़भाड़ का लाभ उठाकर मरीजों और उनके परिजनों के सामान की चोरी होना अब आम बात हो गई है. पहले भी मोबाइल और नकदी चोरी के कई मामले सामने आ चुके हैं. अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता के कारण इस बार एक गरीब महिला की जमा पूंजी वापस मिल सकी, जिससे वह अपना इलाज कराने और घर लौटने में सक्षम हो सकी. लोगों ने मांग की है कि जांच कक्षों के बाहर सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी बढ़ाई जाए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !