Giridih News: सरिया थाना क्षेत्र के लालोकोनी गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शुक्रवार रात नगमा खातुन और साहिन प्रवीण शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की, जिससे पूरे गांव में चिंता का माहौल बन गया।
कुएं में मिले दोनों बच्चियों के शव
रातभर तलाश के बावजूद दोनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान गांव के एक कुएं में दोनों के शव तरते हुए मिले, जिसे देख मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
हादसे को लेकर गांव में उठ रहे कई सवाल
थाना प्रभारी पिंकू कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं जिप सदस्य अनुप कुमार पांडेय ने कहा कि घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और सभी लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर बच्चियां कुएं तक कैसे पहुंचीं और यह हादसा कैसे हुआ।