Jamshedpur News : विधायक सरयू राय ने मानगो के शंकोसाई स्थित श्याम नगर में स्वर्णरेखा नदी किनारे स्लुइस गेट निर्माण की योजना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर पानी नाले के रास्ते निचले इलाकों में घुस जाता है, जिससे श्याम नगर समेत आसपास के इलाके हर साल जलमग्न हो जाते हैं।इस समस्या के समाधान के लिए सरयू राय ने स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता के समक्ष स्लुइस गेट निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके साथ ही मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक नदी किनारे को सुदृढ़ करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है, ताकि कटाव और जलभराव की समस्या को रोका जा सके।
2.38 करोड़ से बनेगा स्लुइस गेट, 9.41 करोड़ से होगा तट सुदृढ़ीकरण
सरयू राय के अनुसार, स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता ने दोनों योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए रांची सचिवालय स्थित जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख के पास भेज दिया है। प्रस्ताव के मुताबिक, श्याम नगर में स्लुइस गेट निर्माण पर लगभग 2 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये खर्च होंगे, जबकि मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक नदी किनारे के सुदृढ़ीकरण पर करीब 9 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत आएगी।
स्वीकृति के बाद जल्द शुरू होगा काम, जलजमाव से मिलेगी राहत
बताया गया है कि यह प्राक्कलन 27 दिसंबर 2025 को पत्रांक 2264 के तहत स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इस संबंध में सरयू राय की जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख एम.एल. पिंगुआ से भी बातचीत हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही सरकार से निधि आवंटित कराकर काम शुरू कराया जाएगा।
इन योजनाओं के पूरा होने के बाद श्याम नगर और आसपास के इलाकों को बाढ़ और जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही नदी किनारे का सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।