Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-19

Chaibasa News: चाईबासा में खेत से युवक का शव बरामद, तीन दिन से था लापता

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नहर कॉलोनी के पास रविवार को एक खेत से 35 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोचीसाई निवासी माना टोप्पो के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने प्रारंभिक तौर पर अधिक शराब सेवन को मौत की वजह बताया है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।

तीन दिन पहले घर से निकला, फिर नहीं लौटा
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि माना टोप्पो तीन दिन पहले घर से यह कहकर निकला था कि वह काम के सिलसिले में उड़ीसा के जोड़ा जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार की सुबह नरसनडा के मुंडा ने मोचीसाई पहुंचकर सूचना दी कि नहर कॉलोनी के पास एक खेत में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान माना टोप्पो के रूप में की, जिसके बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पत्नी की मौत के बाद था परेशान, बढ़ गई थी शराब की लत
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले ही माना टोप्पो की पत्नी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। इस घटना के बाद उसने अत्यधिक शराब पीना शुरू कर दिया था और अक्सर इधर-उधर भटकता रहता था। कई बार वह कई दिनों तक घर नहीं लौटता था और नशे की हालत में कहीं भी सो जाता था। बताया जा रहा कि उसका एक चार साल का बेटा है, जो फिलहाल उसके बड़े भाई के साथ रह रहा है। परिजनों का मानना है कि शराब की लत ने ही उसकी जान ले ली होगी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !