Kharsawan News: खरसावां थाना क्षेत्र के दिहुरीडिह के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद सदर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. इलाज में लापरवाही और डॉक्टरों के व्यवहार से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी इमरजेंसी वार्ड के बाहर धरने पर बैठ गए.
जानकारी के
अनुसार सरायकेला निवासी 18 वर्षीय विकास जामुदा अपने साथी विष्णु सोए के साथ खरसावां से लौट रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में विकास जामुदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विष्णु सोए गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल को स्थानीय लोगों की मदद से फसवा सीएससी पहुंचाया गया. आरोप है कि वहां तैनात डॉक्टर कन्हैयालाल उरांव मौके पर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण घायल को करीब दो घंटे तक इलाज नहीं मिल सका.
घटना की सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सदर अस्पताल पहुंचे. यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर चंदन कुमार से उनकी तीखी बहस हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. इसके बाद नाराज अध्यक्ष इमरजेंसी वार्ड के बाहर ही धरने पर बैठ गए.
मनोज चौधरी ने कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक घटना है. एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा इलाज के अभाव में तड़पता रहा. उन्होंने डॉक्टर कन्हैयालाल उरांव और डॉक्टर चंदन कुमार को तत्काल हटाने की मांग की है. फिलहाल अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है.