Bokaro News: बोकारो में एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आ रहा है। जहां रेलवे स्टेशन से सवारी छोड़कर लौट रहे ऑटो चालक नवनीत कुमार को सेक्टर 12 मोड़ के पास अज्ञात युवकों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि रात के समय यह घटना हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
सवारी बैठाने से मना करने पर हुआ विवाद
पीड़ित नवनीत कुमार के अनुसार, सवारी उतारने के बाद वह वापस जा रहा था, तभी नशे में धुत दो युवक ऑटो में बैठने लगे। चालक द्वारा मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
चाकू से हमला कर किया लहूलुहान, पुलिस जांच में जुटी
मारपीट के बाद भी जब हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने चालक पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद चालक के सिर, गर्दन, पीठ और हाथ में गहरे जख्म आए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ऑटो चालक एसोसिएशन ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद सिटी थाना पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।