Seraikela News:सरायकेला समाहरणालय सभागार में रविवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
मध्यस्थता खत्म कर सीधे लाभ पहुंचाने, नियमित मॉनिटरिंग और समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे लाभुकों तक पहुंचे. इसके लिए प्रखंड और अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक करने और योजनाओं की लगातार निगरानी रखने को कहा गया. उन्होंने राजस्व कार्यों में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताते हुए लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया. साथ ही अधिकारियों को हफ्ते में कम से कम एक-दो दिन कार्यालय में बैठकर आम लोगों की समस्याएं सुनने और आवेदनों का समय पर समाधान करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े.
शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर राशन और नगर सेवाओं तक-हर विभाग को स्पष्ट जिम्मेदारी और जवाबदेही तय
बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए ठोस निर्देश दिए गए. शिक्षा विभाग को जर्जर शौचालयों के निर्माण, छात्रों के जन्म प्रमाण पत्र और बैंक खाते खुलवाने के साथ नामांकन और उपस्थिति सुधारने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष अभियान चलाने, रोस्टर के अनुसार कैंप लगाने और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश मिला, साथ ही लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
खाद आपूर्ति विभाग को राशन वितरण में पारदर्शिता लाने, शिकायतों की जांच कर दोषी डीलरों पर कार्रवाई करने और स्टॉक मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया. कृषि विभाग को बीज, उर्वरक और उपकरण समय पर उपलब्ध कराने और मृदा जांच तेज करने के निर्देश दिए गए. सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशनधारियों का 100 प्रतिशत डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि नगर विकास विभाग को स्वच्छता, पेयजल, बिजली आपूर्ति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार और विशेष शिविरों के जरिए लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने की रणनीति
उपायुक्त ने योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्थानीय भाषा में प्रचार-प्रसार पर जोर दिया. इसके तहत पंचायत स्तर पर बैनर, फ्लेक्स, होर्डिंग, सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक और वॉल पेंटिंग जैसे माध्यमों का उपयोग किया जाएगा. साथ ही रोस्टर के अनुसार हल्का स्तर पर विशेष शिविर लगाकर विभिन्न योजनाओं की ऑन-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
बैठक में साफ संकेत दिया गया कि योजनाओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी. प्रशासन का फोकस समय पर काम पूरा करने और हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर है. बैठक में निदेशक DRDA अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, एसडीओ अभिनव प्रकाश समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे.