Ranchi News: रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई. OTC मैदान के पास हनुमान मंदिर के समीप एक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे वारदात, गोली लगते ही मची अफरा-तफरी और अस्पताल ले जाया गया घायल
जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने भार्गव सिंह को निशाना बनाते हुए गोली चलाई. गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल को सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू की. घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है.
जमीन विवाद से जुड़ा मामला, पहले से चल रहा था झगड़ा,पुलिस ने आरोपी को दबोचा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल भार्गव सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका है. बताया जा रहा है कि हमलावर पैदल आया था और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. घायल ने हमलावर की पहचान कांके के गांधीनगर निवासी विजय टेटे के रूप में की है, जिसके साथ उसका पहले से विवाद चल रहा था और कुछ दिन पहले दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस बीच केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी घायल का हाल जानने पारस हॉस्पिटल पहुंचे.
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.