Jamshedpur News : गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने इसे सनातन संस्कृति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के महापर्व के रूप में प्रस्तुत किया है।प्रेस वार्ता में परमश्रद्धेय श्री श्री 108 जय मंगला बाबा ने यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि धर्म और सद्कर्म से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और समृद्धि का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
भव्य कलश यात्रा में हजारों महिलाएं होंगी शामिल
आयोजन समिति के अनुसार 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी। इसमें सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र गंगाजल से भरे कलश के साथ हजारों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं शामिल होंगी।
भजन-कीर्तन, प्रवचन और महाभंडारे से सजेगा आयोजन
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन भजन, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा और प्रवचन प्रस्तुत करेंगे।
यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जहां आचार्य लाल मोहन शास्त्री अपने दल के साथ वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। साथ ही 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से स्थल को सजाया गया है। पूरे क्षेत्र को केसरिया ध्वज और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा। 1 मई को पूर्णाहुति और महाभंडारा तथा 2 मई को रामार्चा पूजा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से इस धार्मिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।