Current News : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। संध्या 5:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूर्व सैनिकों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता और सतर्कता का दिया संदेश
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने पहलगाम हमले को मानवता, शांति और सामाजिक सौहार्द पर हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कायरतापूर्ण कृत्यों के खिलाफ समाज को एकजुट रहना होगा। परिषद के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहीदों की स्मृति हमें सदैव सतर्क, संगठित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। संगठन के अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी देश कभी नहीं भूलेगा और हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी अपनी भागीदारी निभाते हुए शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया।