Ranchi News: रांची के कांटा टोली चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नया रूट प्लान लागू किया गया है. फिलहाल इसे ट्रायल बेसिस पर शुरू किया गया है, ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके.
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए बदला गया रूट, यू-टर्न से होगी आवाजाही नियंत्रित
नई व्यवस्था के तहत सर्जना चौक और डांगरा टोली की ओर से कांटा टोली आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अब सीधे नहीं जाएंगे. इन्हें कांटा टोली फ्लाईओवर के नीचे, मंगल टावर के पास से यू-टर्न लेकर स्टेशन रोड की तरफ जाना होगा. वहीं नामकुम की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा खादगढ़ा मुख्य द्वार के पास से यू-टर्न लेकर सर्जना चौक और डांगरा टोली की दिशा में जाएंगे. इस बदलाव का उद्देश्य चौक पर अनावश्यक दबाव को कम करना है.
ट्रायल के तौर पर लागू नियम, मौके पर तैनात रही ट्रैफिक पुलिस
नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कांटा टोली चौक पर लालपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह और ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी समेत कई पुलिसकर्मी तैनात रहे. ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि यह बदलाव फिलहाल ट्रायल के रूप में लागू किया गया है. यदि इससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होता है, तो इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा.
प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से कांटा टोली चौक पर जाम की समस्या में कमी आएगी. ट्रायल के नतीजों के आधार पर आगे स्थायी निर्णय लिया जाएगा.