Deoghar Big News: बाबा नगरी देवघर में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और झारखंड एटीएस (ATS) की संयुक्त टीम ने तड़के छापेमारी कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी. अवैध हथियारों की तस्करी के पुख्ता इनपुट के आधार पर टीम ने शहर के दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी. पहली कार्रवाई नंदन पहाड़ के पास नंदी नगर में हुई, जहां ननिहाल में रह रहे एक युवक को हिरासत में लिया गया. इसके तुरंत बाद टीम ने भुरभुरा मोड़ पर धावा बोलकर दूसरे संदिग्ध को दबोचा. इस गुप्त ऑपरेशन के दौरान स्थानीय नगर थाना पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था.
बिहार कनेक्शन: आरा से देवघर तक फैला नेटवर्क!
पकड़े गए संदिग्धों में से एक युवक मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि उसका परिवार वर्तमान में देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र (मेधा डेयरी के पास) में रह रहा है और उसके पिता एक निजी स्कूल में चालक हैं. सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि यह नेटवर्क बिहार से झारखंड तक अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़ा हो सकता है. फिलहाल दोनों युवकों को नगर थाना में रखकर एनआईए और एटीएस के आला अधिकारी बंद कमरे में पूछताछ कर रहे हैं.
जांच की संवेदनशीलता: आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हथियार तस्करी जैसे गंभीर मामले को देखते हुए जांच एजेंसियां फूंक-फूंक कर कदम रख रही हैं. हालांकि दोनों संदिग्ध हिरासत में हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है. सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी किसी बड़े आतंकी सिंडिकेट या अंतरराज्यीय हथियार गिरोह के खुलासे का हिस्सा हो सकती है. नगर थाना के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है.