Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-23

Bokaro Big News: बोकारो DPS स्कूल की कैंटीन सील, बच्चों को परोसा जा रहा था जहर, छापेमारी में मिले एक्सपायरी मसाले और दही

Bokaro Big News: बोकारो के सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) की कैंटीन में बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय को मिली गुप्त शिकायत के बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर एक विशेष टीम ने कैंटीन में औचक छापेमारी की. कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कैंटीन में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए कैंटीन को अगले आदेश तक सील कर दिया.

बिना लाइसेंस और मेडिकल फिटनेस के चल रहा था काम
निरीक्षण के दौरान टीम उस वक्त हैरान रह गई जब पता चला कि इतनी बड़ी शिक्षण संस्था की कैंटीन बिना FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के चल रही थी. नियमों की अनदेखी का आलम यह था कि कैंटीन कर्मियों के पास न तो मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट था और न ही परिसर में पेस्ट कंट्रोल की कोई व्यवस्था मिली. गंदगी के बीच बिना हेड कवर और ग्लव्स के खाना बनाया जा रहा था. स्कूल प्रशासन की ओर से भी कैंटीन संचालन के लिए कोई आधिकारिक प्राधिकृत पत्र टीम के समक्ष पेश नहीं किया जा सका.

रसोई में मिला एक्सपायर्ड सामान और मिलावट का शक
छापेमारी के दौरान कैंटीन के स्टोर से भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ बरामद किए गए. जांच टीम ने मौके से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, वनस्पति तेल और दही के संदिग्ध नमूने जब्त किए हैं, जिन्हें लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, ये सामान काफी समय से इस्तेमाल हो रहे थे, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे. प्रशासन अब लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि स्कूल प्रबंधन और कैंटीन संचालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.

कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश हुई नाकाम
हैरानी की बात यह रही कि जब टीम जांच कर रही थी, तब स्कूल प्रबंधन और कुछ शिक्षकों ने सरकारी कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की. हालांकि, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और भारी पुलिस बल के कारण प्रबंधन की एक न चली और पूरी जांच प्रक्रिया संपन्न हुई. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. इस घटना के बाद बोकारो के अन्य स्कूलों में भी कैंटीन की जांच को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !