Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-24

Dhanbad News: कोकिंग कोल की बढ़ती मांग को लेकर बास्ताकोला सोनार बस्ती में 11.23 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण

Dhanbad News: देश की ऊर्जा सुरक्षा और कोकिंग कोल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने धनबाद के बास्ताकोला क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है. बीसीसीएल ने झरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मौजा-बास्ताकोला स्थित सोनार बस्ती की 11.2375 एकड़ रैयती जमीन खरीदने का निर्णय लिया है. इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है. सभी संबंधित दावेदारों और उत्तराधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अगले 10 दिनों के भीतर अपने वैध कागजातों के साथ महाप्रबंधक कार्यालय में अपनी आपत्ति या दावा प्रस्तुत करें.

20 लाख टन उच्च कोटि के कोयले पर नजर
बास्ताकोला क्षेत्र के जीएम एस. गायवाड के अनुसार, इस चिन्हित भूमि के नीचे लगभग 20 लाख टन उच्च कोटि का प्राइम कोकिंग कोल मौजूद है, जो स्टील निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. इस जमीन के अधिग्रहण से बीसीसीएल सालाना 2 से 3 लाख टन अतिरिक्त कोयला उत्पादन कर सकेगी. इससे न केवल घरेलू कोयला उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि विदेशों से होने वाले कोयला आयात में भी कमी आएगी, जिससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी. जमीन मिलते ही खनन कार्य शुरू करने की योजना है.

रैयतों को मिलेगा मुआवजा और रोजगार का लाभ
बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विस्थापित होने वाले रैयतों को बाजार दर पर मुआवजा और नियमानुसार नौकरी या अनुग्रह राशि (Ex-gratia) प्रदान की जाएगी. इसके अलावा, सीएसआर फंड के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र में सड़क, पानी और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा. प्रबंधन ने रैयतों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं और सीधे कार्यालय से संपर्क करें. इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है.

इन प्रमुख रैयतों की जमीन का होगा अधिग्रहण
अधिग्रहित होने वाली 11.23 एकड़ भूमि के मुख्य दावेदारों में भजित स्वर्णकार, मुक्ति स्वर्णकार, शक्ति स्वर्णकार, श्याम सुंदर स्वर्णकार और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं. इनके अलावा संजय कुमार वर्मा, हरिखोल स्वर्णकार, राम गोविंद स्वर्णकार, मुकुंद रवानी, विश्वंभर रवानी और कन्हाई रजवार सहित दर्जनों स्थानीय रैयतों के नाम सूची में दर्ज हैं. बीसीसीएल ने साफ कर दिया है कि वह रैयतों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हर पात्र व्यक्ति को पुनर्वास और मुआवजे का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !