Bihar News : मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के गोढा गांव में वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब घर में उनके तिलकोत्सव की तैयारियां चल रही थीं और मंगलगान के साथ रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। अचानक हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना में मृतक के चचेरे भाई मुकेश ठाकुर और रितेश ठाकुर भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि पहले पड़ोसियों के साथ कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई।
इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की छापेमारी
गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को पहले मांझी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी शुरू कर दी। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण एसएसपी विनीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।