Jharkhand: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब इसके परिणाम भी आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव के चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने मतगणना के बाद निर्वाचित सदस्यों की सूची जारी की। लंबे समय तक चली इस प्रक्रिया के बाद नई परिषद के गठन का रास्ता साफ हो गया है, जिससे अधिवक्ताओं के बीच उत्सुकता का माहौल समाप्त हो गया।
इन सदस्यों ने दर्ज की जीत
घोषित परिणाम के अनुसार, निर्वाचित सदस्यों में जमशेदपुर के अनिल तिवारी, राजेश कुमार शुक्ला, निलेश कुमार, अनिल कुमार महतो, एके रशीदी, ललित यादव, अभिषेक कुमार भारती, प्रशांत कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव, पवन रंजन खत्री, मनोज कुमार (2), अनिल कुमार तिवारी, संजय कुमार विद्रोही, राजकुमार, मनोज कुमार (3) और अभय कुमार चतुर्वेदी शामिल हैं। इसके अलावा धनबाद से जितेंद्र कुमार और गिरिडीह से परमेश्वर मंडल ने भी जीत हासिल की है। महिला कोटे में मधुलता रानी, रिंकू भकत, मीरा कुमारी, मौली सिन्हा और निवेदिता कुंडू ने सफलता पाई है।
कुल 23 सीटों के लिए हुआ था चुनाव
इस चुनाव में कुल 23 सदस्यों के चयन के लिए मतदान कराया गया था, जिसमें 18 सीटें पुरुष और 5 सीटें महिला वर्ग के लिए निर्धारित थीं। हालांकि अधिवक्ता महेश तिवारी का परिणाम फिलहाल होल्ड पर रखा गया है, जिस पर आगे निर्णय लिया जाएगा। शुक्रवार को घोषित परिणामों में झारखंड हाईकोर्ट से जुड़े अधिवक्ता मनोज कुमार (3), अभय कुमार चतुर्वेदी, धनबाद के जितेंद्र कुमार और गिरिडीह के परमेश्वर मंडल के नाम सामने आने के साथ ही पुरुष वर्ग की सीटों पर चुनाव प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई।
लंबी प्रक्रिया के बाद हुआ गठन
इस चुनाव के लिए 12 मार्च को मतदान हुआ था, जिसमें पूरे राज्य से करीब 100 प्रत्याशी मैदान में थे। इसके बाद 20 मार्च से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, जो काफी लंबी चली और अब जाकर परिणाम सामने आया है। नई परिषद के गठन के बाद अब अगला कदम चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव का होगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।