Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-25

Chaibasa News: सारंडा जंगल में पूर्व नक्सली की बेरहमी से हत्या, घर से ले जाकर 500 मीटर दूर पीट-पीटकर मार डाला

Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल इलाके में नक्सल गतिविधियों को लेकर एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। लगातार चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के कारण जहां सुरक्षा बल पूरी तरह चौकन्ने हैं, वहीं दूसरी ओर नक्सलियों में बेचैनी और बौखलाहट भी साफ तौर पर देखी जा रही है। इसी बीच गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां भाकपा माओवादी से जुड़े रहे एक व्यक्ति की हथियारबंद लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।

रमेश पहले से था निशाने पर, जेल से लौटकर जी रहा था सामान्य जीवन
मृतक की पहचान दुगुनिया गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश पहले नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा संगठन में शामिल होने से इनकार कर दिया था। इसी वजह से वह लंबे समय से नक्सलियों के निशाने पर था और संगठन के लोग उससे नाराज बताए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, रमेश कभी नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद जेल जाने और वहां से छूटने के बाद उसने आम जिंदगी जीने का फैसला किया था। वह अब किसी संगठन से दूर रहकर डेरुवा-मनोहरपुर सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम कर रहा था और अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहा था।

रात में घर से बुलाकर ले गए हथियारबंद लोग फिर बेरहमी से की हत्या
घटना शुक्रवार रात की है, जब रमेश अपने घर में परिवार के साथ सो रहा था। उसी दौरान करीब 4 से 5 की संख्या में हथियारबंद लोग उसके घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। रमेश की पत्नी भी उनके पीछे-पीछे गई, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाकर वापस घर भेज दिया। जिसके बाद आरोपियों ने रमेश को घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसके साथ काफी क्रूरता की गई और उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी वार किए गए। घटना के बाद आरोपी शव को मुख्य सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

सुबह शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
शनिवार सुबह सड़क पर शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

नक्सली घटना है या नहीं, जांच जारी
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने बताया कि हत्या की घटना हुई है, लेकिन यह पूरी तरह नक्सली घटना है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !